साइबर ठगों ने दो ग्रामीणों के खातों से 1 लाख 46 हजार 500 रुपये उड़ाए
रेवतीपुर। स्थानीय थाना क्षेत्र के नवली गांव में साइबर ठगों ने दो ग्रामीणों के खातों से कुल ₹1 लाख 46 हजार 500 रुपये उड़ा लिए। इस घटना से पुलिस और साइबर सेल में हड़कंप मच गया है।ऑनलाइन धोखाधड़ी के शिकार हुए दोनों पीड़ितों ने रेवतीपुर साइबर सेल में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत मिलने के बाद साइबर सेल की टीम ने तकनीकी जांच शुरू कर दी है।पीड़ितों में से एक, नवली निवासी वीरेंद्र सिंह ने बताया कि उनके मोबाइल पर फोन-पे के माध्यम से ₹47,000 क्रेडिट होने का फर्जी मैसेज आया था। इसी दौरान गांव के अजय सिंह को भी ₹99,500 आने का संदेश मिला।कुछ देर बाद एक अज्ञात व्यक्ति ने फोन कर खुद को रेवतीपुर स्वास्थ्य विभाग में भवन निर्माण का ठेकेदार बताया। उसने कहा कि गलती से उनके खातों में पैसे ट्रांसफर हो गए हैं और उन्हें तुरंत वापस भेज दिया जाए।ठग की बातों में आकर दोनों पीड़ितों ने बिना सत्यापन किए बताए गए फोन-पे अकाउंट पर कुल ₹1,46,500 की रकम ट्रांसफर कर दी। बाद में जब उन्होंने बैंक जाकर अपना खाता चेक किया, तो उन्हें पता चला कि उनके खाते खाली हो चुके थे।बैंक कर्मियों ने जांच के बाद पुष्टि की कि मोबाइल पर प्राप्त क्रेडिट मैसेज पूरी तरह फर्जी था। ठगों ने इसी फर्जी संदेश का इस्तेमाल कर चालाकी से पीड़ितों के खातों से पैसे निकाल लिए थे।रेवतीपुर थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार ने बताया कि ऑनलाइन धोखाधड़ी का यह मामला साइबर सेल को सौंप दिया गया है। टीम सभी पहलुओं से जांच कर रही है और जल्द ही इस गिरोह का पर्दाफाश किया जाएगा।ग्रामीण इलाकों में साइबर अपराधों का बढ़ता जाल चिंता का विषय है। यह घटना एक बार फिर इस बात पर जोर देती है कि किसी भी अनजान कॉल या मैसेज पर बिना पुष्टि के ऑनलाइन लेन-देन करने से बचना चाहिए।




