टोटो और बोलेरो की भिड़ंत में रिटायर्ड दरोगा की मौत, कोहराम

टोटो और बोलेरो की भिड़ंत में रिटायर्ड दरोगा की मौत, कोहराम

कठवामोड़। नोनहरा थाना क्षेत्र के नागवानवपुर गांव के पास गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक तेज रफ्तार बोलेरो और टोटो के बीच हुई आमने-सामने की जोरदार टक्कर में टोटो चालक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान मोहम्मदाबाद कस्बा निवासी रामसोच चौहान के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश पुलिस में दरोगा के पद से सेवानिवृत्त थे।
घटना सुबह करीब सात बजे की है। बताया जा रहा है कि रिटायर्ड दरोगा रामसोच चौहान अपने टोटो (ई-रिक्शा) से गाजीपुर स्थित अपने एक मित्र के घर जा रहे थे। जैसे ही वह नागवानवपुर गांव के पास पहुंचे, सामने से गाजीपुर की तरफ से मोहम्मदाबाद जा रही बोलेरोआ रही अनियंत्रित बोलेरो ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि रामसोच चौहान उम्र 70 वर्ष  मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के तुरंत बाद बोलेरो चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। घटना के बाद आसपास लोगों की भीड़ जुट गयी। फिर इसकी सूचना कठवामोड़ पुलिस चौकी को दी गयी। जहां टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर नोनहरा थाना पहुंचाया। पुलिस ने मृतक के पास मिले मोबाइल फोन के जरिए उनके परिजनों को दुर्घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और रोते-बिलखते परिजन थाने पहुंचे। थानाध्यक्ष नोनहरा, संतोष पाठक ने बताया कि शव को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की तहरीर पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस फरार बोलेरो और चालक की तलाश के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।