भाई की ससुराल तिलक समारोह में सम्मिलित होने गए युवक की स्कॉर्पियो से ट्रैक्टर की टक्कर में मौत

भाई की ससुराल तिलक समारोह में सम्मिलित होने गए युवक की स्कॉर्पियो से ट्रैक्टर की टक्कर में मौत

रेवतीपुर । मोहनिया  विहार के भंवरी गांव के  पास बीती रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कार्पियो सवार युवक की मौत हो गई। सड़क किनारे खड़े ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराने के बाद गंभीर रूप से घायल युवक ने वाराणसी ट्रामा सेंटर में दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही स्वजन में कोहराम मच गया।
मृतक की पहचान हसनपुरा गांव निवासी राहुल गुप्ता (25) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह अपने भाई की ससुराल सोनपा विहार में आयोजित तिलक समारोह में शामिल होने गया था। देर रात लौटते समय उसकी स्कार्पियो मोहनिया विहार के पास सड़क किनारे खड़े ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए।
हादसे में स्कार्पियो सवार अन्य लोग भी घायल हो गए, जबकि राहुल की हालत गंभीर होने पर स्थानीय चिकित्सकों ने उसे मोहनिया से वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। जहां पहुंचते ही चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
रविवार को जब शव घर पहुंचा तो स्वजनों में चीख-पुकार मच गई। पत्नी संध्या गुप्ता, मां मंजू देवी व पिता तारकेश्वर गुप्ता का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक की 22 दिन की दुधमुंही बच्ची है। उसकी शादी जनवरी 2025 में बंगाल में हुई थी।
राहुल तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर था। वह कामाख्या धाम मंदिर के पास एक छोटा होटल संचालित कर परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी असामयिक मृत्यु से पूरे गांव में शोक की लहर है। सूचना पर दरवाजे पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई।