भदौरा सीएचसी के गेट पर गिरे मरीज की हार्ट अटैक से मौत

भदौरा सीएचसी के गेट पर गिरे मरीज की हार्ट अटैक से मौत

सेवराई  स्थानीय तहसील क्षेत्र के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भदौरा में इलाज कराने आए एक वृद्ध मरीज की हार्ट अटैक से मौत हो गई। घटना के बाद अस्पताल परिसर में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार दिलदारनगर थाना क्षेत्र के उसिया मोती नगर निवासी रामराज राम (75) बुधवार को ट्रेन से भदौरा स्टेशन पहुंचे थे। वह बवासीर की बीमारी का इलाज कराने के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भदौरा जा रहे थे। बताया जाता है कि जैसे ही वह अस्पताल के मुख्य गेट पर पहुंचे, तभी अचानक उन्हें तेज सीने में दर्द हुआ और वह वहीं गिर पड़े।

मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल अस्पताल के डॉक्टरों को इसकी सूचना दी। डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों ने उन्हें देखने की कोशिश की, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सक डॉ. अशोक ने बताया कि घटना लगभग दोपहर 12:40 बजे की है। मरीज इलाज कराने के लिए अस्पताल आया था, लेकिन अचानक हार्ट अटैक आने से उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।

घटना की सूचना मिलने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।