सैदपुर में दो ट्यूबवेल का होगा रिबोर

सैदपुर में दो ट्यूबवेल का होगा रिबोर

 रानू  पाण्डेय

सैदपुर।क्षेत्र में लंबे समय से बंद पड़े सरकारी ट्यूबवेलों के दिन बहुरने वाले हैं । उत्तर प्रदेश सरकार के आयुष, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ के प्रयास से सैदपुर के ईशोपुर और अमुवरा स्थित दो सरकारी ट्यूबवेलों का रिबोर कराया जाएगा। सिधौना-अमेहता मार्ग पर स्थित ईशोपुर का ट्यूबवेल करीब एक दशक से खराब पड़ा था, वहीं अमुवरा का ट्यूबवेल भी लंबे समय से निष्क्रिय था। इन दोनों को फिर से चालू करने के लिए सिंचाई विभाग ने प्रक्रिया शुरू कर दी है और तकनीकी तैयारियां की जा रही हैं।ट्यूबवेलों के चालू होने से क्षेत्र के किसानों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। अभी तक किसानों को सिंचाई के लिए निजी संसाधनों या महंगे विकल्पों का सहारा लेना पड़ता था, जिससे उनकी लागत बढ़ जाती थी। स्थानीय लोगों का कहना है कि
ट्यूबवेल फिर से चालू होने से खेती-किसानी को मजबूती मिलेगी,लागत में कमी आएगी और फसल उत्पादन में भी सुधार होगा। सिंचाई विभाग उपखंड सैदपुर के अवर अभियंता रोहित कुमार शर्मा ने बताया कि सैदपुर ब्लॉक में सिधौना व अमुवारा, देवकली ब्लॉक में तराव, भवानीपुर व देवचंदपुर, सादात ब्लॉक में भीमापार,मंगारी व कटया में असफल ट्यूबवेल के रिबोर का शासनादेश आया है। जमीन की उपलब्धता के आधार पर उक्त गांवों में रिबोर कार्य वाराणसी नलकूप निर्माण खंड की ओर से होगा।