बिहारीगंज मार्ग पर आवागमन बंद होने से परेशानी
रानू पाण्डेय
खानपुर। करीब दस वर्षों तक बदहाली झेलने के बाद जब सिधौना-बिहारीगंज मार्ग का नवनिर्माण कार्य पूरा हुआ तो क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली थी। लेकिन यह खुशी ज्यादा दिनों तक कायम नहीं रह सकी। उक्त सड़क पर रामपुर नाला पर बनी पुरानी पुलिया को तोड़कर लगभग दो करोड़ की लागत से नई पुलिया का निर्माण कार्य हो रहा है। पुलिया निर्माण के चलते इस मार्ग पर आवागमन पूरी तरह से रोक दिया गया है, जिससे लोगों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। आजमगढ़,जौनपुर और गाजीपुर को वाराणसी से जोड़ने वाला यह मार्ग चार महीने से बंद होने के कारण स्थानीय लोगों को अब सिधौना से बिहारीगंज जाने के लिए आठ किलोमीटर का लंबा चक्कर लगाना पड़ रहा है, जबकि यह दूरी मात्र चार किलोमीटर है। रामपुर गांव की सकरी सड़क पर दोनों ओर से वाहनों की आवाजाही के चलते आए दिन जाम और दुर्घटनाओं की स्थिति बन रही है। लोक निर्माण विभाग ने पुलिया स्थल के दोनों तरफ सड़क बंद होने का बोर्ड तो लगा दिया है, लेकिन वैकल्पिक मार्गों का कोई स्पष्ट उल्लेख नहीं किया गया है। इससे अन्य जनपदों से आने वाले वाहन चालकों को भी परेशानी झेलनी पड़ रही है। ग्रामीणों और राहगीरों ने विभाग से पुलिया निर्माण कार्य शीघ्र पूरा करने और वैकल्पिक मार्ग का स्पष्ट उल्लेख करने की मांग की है ताकि आवागमन में सुगमता बहाल हो सके।




