तमिलनाडु में लैंड माइंस विस्फोट से खानपुर के युवक की मौत, वाराणसी में हुआ अंतिम संस्कार

तमिलनाडु में लैंड माइंस विस्फोट से खानपुर के युवक की मौत, वाराणसी में हुआ अंतिम संस्कार

 रानू  पाण्डेय

खानपुर (गाजीपुर)। तमिलनाडु में लैंड माइंस विस्फोट की चपेट में आने से गाजीपुर जिले के खानपुर क्षेत्र निवासी 25 वर्षीय युवक हिमांशु उर्फ रोहित यादव की दर्दनाक मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिवार और गांव में कोहराम मच गया। बुधवार की सुबह शव गांव पहुंचने के बाद वाराणसी में अंतिम संस्कार किया गया।जानकारी के अनुसार, खानपुर क्षेत्र के बभनौली गांव निवासी हिमांशु यादव पुत्र रमेश यादव सीडीएस (संघ लोक सेवा आयोग) की परीक्षा पास कर इंटरव्यू देने तमिलनाडु के मद्रास गए थे। इंटरव्यू के बाद वह अपने पांच दोस्तों के साथ तमिलनाडु के हनुमानथपुरम क्षेत्र की पहाड़ियों पर घूमने निकल गए। बताया जाता है कि जिस पहाड़ी क्षेत्र में वे गए थे, वहां पहले सेना द्वारा गोला-बारूद का परीक्षण किया जाता था और वहां पुरानी विस्फोटक सामग्री मौजूद थी।घूमने के दौरान हिमांशु का पैर एक पुराने बारूदी गोले (लैंड माइंस) पर पड़ गया, जिससे जोरदार विस्फोट हुआ और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हाल ही में एनडीए की परीक्षा पास की थी।

हिमांशु के पिता रमेश यादव वायुसेना में कार्यरत हैं और वर्तमान में नई पोस्टिंग के दौरान बेंगलुरु में परिवार के साथ रहते हैं। उनकी मां सुनीता देवी और बहन लिटल भी वहीं रहती हैं। जबकि गांव बभनौली में उनके दादा बच्चा लाल यादव, दादी चंपा देवी और छोटे चाचा अरुण यादव रहते हैं। घटना की जानकारी जब टीवी के माध्यम से गांव पहुंची तो दादा बच्चा लाल यादव और चाचा अरुण यादव बिलख पड़े।बुधवार की सुबह हिमांशु का शव गांव पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। वाराणसी अंतिम विदाई के लिए गांव से बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। वाराणसी के मनकटिका घाट पर पिता रमेश यादव ने बेटे को मुखाग्नि दी और पूरे विधि-विधान से अंतिम संस्कार किया गया।ग्रामीणों के अनुसार हिमांशु बेहद होनहार और मिलनसार स्वभाव के थे तथा सेना में भर्ती होकर देश सेवा करने का सपना देख रहे थे। उनकी असामयिक मौत से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।