सड़क किनारे लहूलुहान मिला अज्ञात वाहन की टक्कर से घायल युवक, हालत गंभीर

सड़क किनारे लहूलुहान मिला अज्ञात वाहन की टक्कर से घायल युवक, हालत गंभीर


सैदपुर : सैदपुर थाना क्षेत्र के हसनपुर डगरा मार्ग पर रविवार की रात एक दर्दनाक हादसा हुआ। यहाँ लगभग 40 वर्षीय एक व्यक्ति सड़क किनारे गंभीर रूप से घायल और लहूलुहान स्थिति में मिला। आशंका जताई जा रही है कि किसी अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी और चालक मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायल व्यक्ति की पहचान संतोष यादव (40 वर्ष) के रूप में हुई है, जो स्वर्गीय लोकनाथ यादव के पुत्र हैं। वह बहरियाबाद क्षेत्र के उकरांव गाँव के निवासी हैं। जानकारी के अनुसार, संतोष अविवाहित थे। उनके रिश्तेदारों ने बताया कि पिता की मृत्यु के बाद उनका कोई स्थायी ठिकाना नहीं था और वह इधर-उधर रहकर ही अपना जीवन यापन कर रहे थे। हादसे के बाद संतोष को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) सैदपुर ले जाया गया। वहाँ प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर (वाराणसी) रेफर कर दिया है। वर्तमान में उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
संतोष के रिश्तेदार पंकज यादव ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि उनका एक रिश्तेदार हसनपुर गाँव के पास घायल पड़ा है, जिसके बाद वे मौके पर पहुँचे और उन्हें अस्पताल पहुँचाया। इस घटना ने कई सवाल भी खड़े कर दिए हैं, जिनमें सबसे प्रमुख यह है कि अपने घर उकरांव से करीब 20 किलोमीटर दूर संतोष हसनपुर कैसे पहुँचे और उस वक्त उनके साथ क्या हुआ था।