आकाशीय बिजली की चपेट में आने से दंपत्ति गंभीर रूप से झुलसे, जिला अस्पताल रेफर
भावरकोल: क्षेत्र के ग्राम जानपुर में खराब मौसम के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से एक बड़ा हादसा हो गया। इस घटना में एक दंपत्ति गंभीर रूप से झुलस गया है, जबकि दो अन्य को मामूली चोटें आई हैं।
खेत में काम के दौरान हुआ हादसा जानपुर निवासी सुकर राजभर (55) और उनकी पत्नी शिवकुमारी देवी (40) अपने खेत में रखे भूसे को तिरपाल से ढक रहे थे। अचानक मौसम बिगड़ने और बारिश शुरू होने पर दोनों पास ही स्थित एक निजी नलकूप की झोपड़ी में शरण लेने चले गए। उसी झोपड़ी में सुकर के बड़े भाई ईश्वर राजभर और उनकी पत्नी गीता देवी पहले से मौजूद थे। इसी दौरान तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली सीधे झोपड़ी पर आ गिरी। इसकी चपेट में आने से सुकर राजभर और उनकी पत्नी शिवकुमारी देवी गंभीर रूप से झुलस गए। वहीं, पास ही बैठे ईश्वर राजभर और गीता देवी को भी मामूली चोटें आईं।
ग्रामीणों की मदद से घायलों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोहम्मदाबाद ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद, दंपत्ति की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया है। राहत की बात यह है कि ईश्वर राजभर और उनकी पत्नी गीता देवी अब पूरी तरह स्वस्थ हैं।



