लोकवाणी पार्टी ने सैदपुर में सभी गंगा घाटों के पक्के निर्माण और पाथ वे बनाने की मांग की
रानू पाण्डेय
खानपुर। नगर स्थित गंगा घाटो क़ो वाराणसी के गंगा घाट के तर्ज पर जीर्णोद्धार, पाथ वे और सौंदर्यीकरण की मांग को लेकर भारतीय लोकवाणी पार्टी के प्रांतीय अध्यक्ष शिवम् वर्मा के नेतृत्व मे जिलाध्यक्ष काजलकिन्नर और स्थानीय नागरिकों का एक प्रतिनिधिमंडल मंगलवार क़ो उप जिलाधिकारी /ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रामेश्वर सुधाकर सब्बनवाड़ से मिला। इस दौरान उन्होंने उक्त कार्य क़ो कराने हेतु मुख्यमंत्री के नाम सम्बोधित पत्रक सौपा। भारतीय लोकवाणी पार्टी की जिलाध्यक्ष काजल किन्नर के द्वारा सौंपे गए इस ज्ञापन में श्री श्री 1008 बाबा श्यामदास महाराज स्थित रंगमंहल घाट से नगर के अति प्राचीन बूढ़ेनाथ महादेव मन्दिर स्थित गंगा घाट तक पड़ने वाले सभी गंगा घाटों के पक्के निर्माण और पाथ वे बनाने के साथ ही मूलभूत सुविधाओं के विकास की मांग की गई। इस दौरान प्रांतीय अध्यक्ष शिवम वर्मा ने बताया कि उक्त गंगा घाटो पर क्षेत्र सहित आसपास के दर्जनों गांवों के लिए धार्मिक आस्था का केंद्र है। यहां आए दिन सैकड़ों श्रद्धालु गंगा स्नान, तर्पण और पूजा-अर्चना के लिए आते हैं। छठ पर्व, गंगा दशहरा, कार्तिक पूर्णिमा और गुरुपूर्णिमा जैसे प्रमुख त्योहारों पर विशेष भीड़ उमड़ती है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में घाट की स्थिति अत्यंत दयनीय और असुरक्षित है। पक्की सीढ़ियों का अभाव, साफ-सफाई की कमी, अपर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों की कमी श्रद्धालुओं के लिए बड़ी समस्या बनी हुई है। महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम जैसी आवश्यक सुविधाओं का भी अभाव है। कहा की घाटों के पक्के निर्माण और पाथ वे बनने से सांस्कृतिक विकास के साथ-साथ पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। कहा की घाटों के आपस में जुड़े रहने से व्यापारिक गतिविधयों को भी प्रोत्साहन प्राप्त होगा तथा रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। जिसके बाद ज्वाइंट मजिस्ट्रेट द्वारा शीघ्र ही कार्यवाही कराये जाने का आश्वासन दिया | उक्त मौके पर मनेन्द्र द्विवेदी, आशीष श्रीवास्तव, मोहित मिश्रा,राहुल मौर्या,आकाश पाण्डेय सहित अन्य लोग मौजूद रहे।



