अज्ञात वाहन की टक्कर से वृद्ध की दर्दनाक मौत, बाइक सवार रिश्तेदार के साथ जा रहे थे जंगीपुर

अज्ञात वाहन की टक्कर से वृद्ध की दर्दनाक मौत, बाइक सवार रिश्तेदार के साथ जा रहे थे जंगीपुर

गाजीपुर: उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले में एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला है। शहर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत वाराणसी-गोरखपुर हाईवे पर सेमरा चक फैज गांव के समीप एक भीषण सड़क हादसा हुआ। इस दुर्घटना में एक अज्ञात वाहन की चपेट में आने से एक बुजुर्ग की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। नंदगंज थाना क्षेत्र के खौदा पचरासी गांव के रहने वाले 70 वर्षीय रामवृक्ष बिंद अपने एक रिश्तेदार के साथ बाइक पर सवार होकर जंगीपुर जा रहे थे। उनके रिश्तेदार की पहचान शादियाबाद थाना क्षेत्र के सौरी गांव निवासी छोटू बिंद के रूप में हुई है, जो बाइक चला रहे थे।दोनों जैसे ही शहर कोतवाली क्षेत्र के सेमरा चक फैज गांव के पास पहुंचे, तभी पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि रामवृक्ष बिंद वाहन के नीचे कुचल गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।  हादसे के बाद घटनास्थल पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। पुलिस टक्कर मारकर भागने वाले अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश में जुट गई है।