नहर मार्ग पर बदमाशों का आतंक: बाइक सवार युवक को पीटकर लहूलुहान किया, क्षेत्र में दहशत
मरदह ।मरदह थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले नहर मार्गों पर इन दिनों अपराधियों का हौसला बुलंद है। बीती रात पनसेरवा-बड़गांवा नहर मार्ग पर बाइक सवार बदमाशों ने एक युवक को घेरकर बेरहमी से पीटा और उसे मरणासन्न हालत में छोड़कर फरार हो गए। इस घटना के बाद से पूरे इलाके के राहगीरों में डर का माहौल है। जानकारी के अनुसार, मरदह थाना क्षेत्र के कोइरी गांव का निवासी अमित गौड़ बीती रात अपनी बाइक से घर लौट रहा था। जैसे ही वह घुरहाबदा गांव के पास पहुंचा, पहले से घात लगाए बैठे छह अज्ञात बाइक सवार हमलावरों ने उसे जबरन रोक लिया। बदमाशों ने अमित पर लाठियों और लोहे के फाइटर से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस जानलेवा हमले में अमित बुरी तरह लहूलुहान होकर बेहोश हो गया। घायल अमित गौड़ ने होश में आने पर बताया कि हमलावर उसकी बाइक लूटकर ले जाने की कोशिश कर रहे थे। उन्होंने बाइक छीन भी ली थी, लेकिन काफी प्रयास के बाद भी जब बाइक स्टार्ट नहीं हुई, तो वे उसे वहीं छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए भाग निकले। पीड़ित अमित गौड़ ने इस संबंध में मरदह थाने में अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मारपीट और लूट के प्रयास का प्रार्थना पत्र दिया है।
बीस दिन पहले भी हुई थी ऐसी ही वारदात नहर मार्ग पर अपराधियों की यह कोई पहली वारदात नहीं है। इससे पहले इसी पनसेरवा-बड़गांवा मार्ग पर 'बांस टैन' के पास दुल्लहपुर थाना क्षेत्र के धनेशपुर गांव निवासी चंद्रजीत राम और दीपक कुमार के साथ भी ऐसी ही घटना घटित हो चुकी है। वे दोनों एक शादी समारोह से लौट रहे थे, तभी चार अज्ञात बदमाशों ने चाकू और लाठी से हमला कर उनकी बाइक लूटने का प्रयास किया था। इस हमले में भी दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हुए थे। दुल्लहपुर थाने में दीपक कुमार की तहरीर पर मुकदमा तो दर्ज किया गया, लेकिन घटना के 20 दिन बीत जाने के बाद भी स्थानीय पुलिस हमलावरों को पकड़ने में पूरी तरह नाकाम रही है। पुलिस की इसी सुस्ती के कारण बदमाशों के हौसले बढ़ गए हैं और उन्होंने इसी नहर मार्ग पर दूसरी बड़ी वारदात को अंजाम दे डाला।
इस मुख्य नहर मार्ग पर लगातार हो रही हिंसक वारदातों और पुलिस द्वारा बदमाशों को न पकड़े जाने के कारण क्षेत्र के लोगों में भारी आक्रोश और डर व्याप्त है। इस मार्ग से अकेले गुजरने वाले लोग अब बेहद भयभीत हैं। स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि नहर मार्गों पर पुलिस गश्त (पेट्रोलिंग) बढ़ाई जाए और इन शातिर अपराधियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर जेल भेजा जाए।



