सैदपुर विधायक अंकित भारती ने प्रेस वार्ता में गिनाईं 4 वर्षों की विकास उपलब्धियां
सैदपुर। सैदपुर विधानसभा क्षेत्र (374) के विधायक अंकित भारती ने एक प्रेस वार्ता सम्मेलन का आयोजन किया। इस सम्मेलन में उन्होंने अपने चार वर्षों के कार्यकाल के दौरान क्षेत्र में कराए गए विभिन्न विकास कार्यों और जनहित योजनाओं की उपलब्धियों को जनता के सामने प्रमुखता से रखा। कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी के सैकड़ों कार्यकर्ताओं सहित सेक्टर प्रभारी और बूथ प्रभारी भी भारी संख्या में मौजूद रहे। विधायक अंकित भारती ने अपने संबोधन में कहा कि पिछले चार वर्षों में उन्होंने क्षेत्र के विकास को हमेशा प्राथमिकता दी है। उन्होंने इस दौरान कराए गए मुख्य कार्यों का विवरण देते हुए बताया कि
क्षेत्र में: नई सड़कों, नालियों, पुलों और बेहतर प्रकाश व्यवस्था का निर्माण किया गया है। धार्मिक एवं सार्वजनिक स्थलों का सुंदरीकरण कराया गया है। दिव्यांगजनों की सुविधा के लिए मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल उपलब्ध कराई गई हैं। विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर ओपन जिम स्थापित किए गए हैं। डॉ भीमराव आंबेडकर पार्क और अन्य सार्वजनिक स्थलों का जीर्णोद्धार व विकास किया गया है। कई नए संपर्क मार्गों का निर्माण, पुराने मार्गों की मरम्मत और हाईमास्ट लाइटें लगवाई गई हैं। स्वास्थ्य क्षेत्र में अपने प्रयासों को रेखांकित करते हुए विधायक ने कहा कि गंभीर बीमारियों से पीड़ित जरूरतमंद लोगों को आर्थिक सहायता दिलाने का महत्वपूर्ण कार्य किया गया है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि क्षेत्र के समग्र विकास के लिए उनके प्रयास आगे भी निरंतर जारी रहेंगे।इस अवसर पर मौजूद पार्टी कार्यकर्ताओं ने विधायक के कार्यों की सराहना की और आगामी समय में संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प लिया। सम्मेलन के दौरान क्षेत्र के विकास कार्यों की एक पुस्तिका भी वितरित की गई और भविष्य की योजनाओं पर विस्तृत चर्चा की गई।



