वुशू खिलाड़ी विराट यादव का भारतीय सेना की बिहार रेजिमेंट में चयन, क्षेत्र में खुशी की लहर
रानू पाण्डेय की रिपोर्ट
खानपुर। गैबिपुर स्थित गौतम स्पोर्ट्स एकेडमी के प्रतिभाशाली खिलाड़ी विराट यादव ने अपनी मेहनत और खेल प्रतिभा के दम पर भारतीय थल सेना की प्रतिष्ठित बिहार रेजिमेंट में जगह बनाई है। इस उपलब्धि से एकेडमी, परिवार और क्षेत्र के लोगों में उत्साह का माहौल है।
देवकली विकासखंड के जेवल के छपरा गांव निवासी रामअवतार यादव और बिंदु देवी के पुत्र विराट यादव करीब चार वर्ष पहले गौतम स्पोर्ट्स एकेडमी से जुड़े थे। शुरुआत में वह कुश्ती के खिलाड़ी थे, लेकिन एकेडमी के प्रबंध निदेशक अमित कुमार सिंह ने उनकी क्षमता को पहचानते हुए उन्हें वुशू खेल की बारीकियों का प्रशिक्षण देना शुरू किया।
अमित कुमार सिंह ने बताया कि कुश्ती में दक्ष होने के कारण विराट की थ्रो तकनीक मजबूत थी। इसी आधार पर उन्हें मुक्केबाजी के पंच और ताइक्वांडो की किक का प्रशिक्षण दिया गया, जिससे वुशू में उनका प्रदर्शन लगातार बेहतर होता गया। उन्होंने विभिन्न राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कई पदक हासिल किए। बेहतर खेल प्रतिभा के चलते उन्हें भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) के पटना प्रशिक्षण केंद्र में विशेष प्रशिक्षण का अवसर भी मिला।
बिहार रेजिमेंट की स्पोर्ट्स कोटा भर्ती के दौरान आयोजित ट्रायल में विराट ने शानदार प्रदर्शन किया और सफलतापूर्वक चयनित हुए। जल्द ही वह भारतीय सेना के छह माह के प्रारंभिक प्रशिक्षण के लिए रवाना होंगे।
इस उपलब्धि पर रविवार को गौतम स्पोर्ट्स एकेडमी में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पूर्व वाणिज्य कर आयुक्त महेंद्र प्रताप पांडेय, श्रीजी मेडिकल के प्रबंधक गोपेश पांडेय, ए.के. नेशनल इंटर कॉलेज औड़िहार के प्रबंधक अवधेश सिंह ‘गुड्डू सिंह’, सुनील यादव, रविंद्र राम, योगेश प्रजापति समेत अनेक गणमान्य नागरिकों और खेल प्रेमियों ने विराट यादव को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।



