योग दिवस को लेकर क्षेत्र में जागरूकता, खिलाड़ियों ने शुरू किया नियमित अभ्यास
रानू पाण्डेय की रिपोर्ट
खानपुर। आगामी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को लेकर क्षेत्र में उत्साह और तैयारियां तेज हो गई हैं। करमपुर स्थित मेघबरन सिंह हॉकी स्टेडियम व भुजहुआ में शिवकाल भैरव एकेडमी में खिलाड़ियों एवं युवाओं के लिए विशेष योग एवं फिटनेस सत्र का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक विभिन्न योगासन और व्यायाम का अभ्यास किया।
योग प्रशिक्षकों ने बताया कि नियमित योगाभ्यास से शरीर स्वस्थ और सशक्त होने के साथ मानसिक एकाग्रता,आत्मविश्वास तथा कार्यक्षमता में भी वृद्धि होती है। खिलाड़ियों को संतुलित जीवनशैली अपनाने और दैनिक दिनचर्या में योग को शामिल करने के लिए प्रेरित किया गया।हॉकी अकादमी से जुड़े प्रशिक्षकों ने कहा कि योग भारत की प्राचीन और अमूल्य धरोहर है, जो शारीरिक क्षमता बढ़ाने के साथ मानसिक संतुलन बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इसी उद्देश्य से अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के पूर्व लगातार अभ्यास सत्र आयोजित किए जा रहे हैं।
पूर्व सांसद राधेमोहन सिंह ने कहा कि योग स्वस्थ और निरोग जीवन का आधार है तथा इसे जन-जन तक पहुंचाने की आवश्यकता है। इस अवसर पर, रामपुकार सिंह, धर्मेंद्र राजभर मनोज सिंह, ध्रुव सिंह, दीपक, पूजा सिंह, इंद्रदेव राजभर, विपुल चौबे और छांगुर सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।



