40 वर्षों बाद अमेहता ग्राम सभा में कब्जामुक्त हुआ चकमार्ग व नाली, विकास कार्यों को मिली गति

40 वर्षों बाद अमेहता ग्राम सभा में कब्जामुक्त हुआ चकमार्ग व नाली, विकास कार्यों को मिली गति

रानू पाण्डेय की रिपोर्ट

खानपुर। विकास खंड सैदपुर की अमेहता ग्राम सभा में करीब चार दशक से किसानों के कब्जे में रहे चकमार्ग और नाली की भूमि को प्रशासनिक पहल के बाद अतिक्रमणमुक्त करा दिया गया। उपजिलाधिकारी ज्योति चौरसिया के निर्देश पर क्षेत्रीय लेखपाल हिमांशु पाठक के नेतृत्व में राजस्व टीम ने मौके पर पहुंचकर पैमाइश कर सीमांकन कराया और कब्जा हटवाने की कार्रवाई की।चकमार्ग और नाली से अतिक्रमण हटने के बाद अब गांव में विकास कार्यों का रास्ता साफ हो गया है। जिला पंचायत की ओर से लगभग 23.77 लाख रुपये की लागत से 544 मीटर लंबी नाली का निर्माण कराया जा रहा है, जबकि ग्राम सभा निधि से 180 मीटर इंटरलॉकिंग सड़क का निर्माण भी प्रस्तावित है।ग्रामीणों का कहना है कि चकमार्ग और नाली पर लंबे समय से कब्जा होने के कारण आवागमन तथा जल निकासी की समस्या बनी रहती थी। प्रशासन की पहल से वर्षों पुरानी समस्या का समाधान होने की उम्मीद जगी है।इस कार्रवाई से गांव के लोगों में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन के प्रति आभार जताते हुए उम्मीद व्यक्त की कि निर्माण कार्य पूरा होने के बाद गांव में आवागमन सुगम होगा और जलभराव की समस्या से भी राहत मिलेगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक भूमि पर अवैध कब्जों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी।