मुखबिर की सूचना पर पुलिस की कार्रवाई, तमंचा व कारतूस के साथ युवक गिरफ्तार, स्कॉर्पियो सीज
रानू पाण्डेय की रिपोर्ट
खानपुर। अपराध एवं अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत खानपुर पुलिस ने रविवार की भोर में मुखबिर की सूचना पर छापेमारी कर एक युवक को अवैध असलहे के साथ गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से .315 बोर का एक देसी तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया। पुलिस ने मौके से मिली स्कॉर्पियो वाहन को भी सीज कर दिया है।पुलिस के अनुसार रात्रि गश्त के दौरान सूचना मिली कि सहिचानपुर प्राथमिक विद्यालय के समीप एक संदिग्ध युवक खड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और रद्दीपुर निवासी धीरज यादव पुत्र महेंद्र यादव को पकड़ लिया। तलाशी में उसके पास से .315 बोर का देसी तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ।अभिलेखों की जांच में पता चला कि आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी तीन आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें दो मुकदमे रामपुर माझा थाना क्षेत्र तथा एक मामला खानपुर थाने में पंजीकृत है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध शस्त्र अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर न्यायालय भेज दिया। साथ ही मौके से बरामद स्कॉर्पियो वाहन को भी सीज कर दिया गया।कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक औरंगजेब खां, हेड कांस्टेबल वीरेंद्र कुमार तथा कांस्टेबल प्रशांत सिंह शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में अपराधियों और अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।



