टाउन नेशनल कॉलेज में भव्य योग शिविर संपन्न, कमिश्नर एस. राजलिंगम ने दिया स्वस्थ जीवन का संदेश
सैदपुर:12वेंअंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर स्थानीय टाउन नेशनल कॉलेज में एक विशाल एवं भव्य योग शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि मंडलायुक्त (कमिश्नर) एस. राजलिंगम द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। योग प्रशिक्षक के कुशल निर्देशन में कमिश्नर, वरिष्ठ अधिकारियों और कॉलेज परिसर में उपस्थित सैकड़ों लोगों ने सामूहिक रूप से योगाभ्यास कर 'स्वस्थ तन और शांत मन' का संदेश समाज को दिया। इस विशेष अवसर पर कार्यक्रम में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को योग दिवस की विशेष टी-शर्ट वितरित की गई, जिसे पहनकर सभी ने पूरे उत्साह के साथ योग सत्र में हिस्सा लिया। टाउन नेशनल कॉलेज के योग छात्र आदित्य कुमार, शुभम कुमार, कपिलेन्द्र गौड़, साहिल कुमार और निशांत कुमार रहे। इन छात्रों ने एक से बढ़कर एक कठिन और आकर्षक योगासनों का प्रदर्शन कर वहां मौजूद सभी लोगों को अचंभित कर दिया। विशेष रूप से एक छात्र ने शरीर को अत्यंत लचीला बनाते हुए पैर और सिर को विपरीत दिशा में घुमाकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। वहीं छात्रों द्वारा बनाई गई 'मानव मीनार' (Human Pyramid) को देखकर पूरा परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। स्वयं कमिश्नर एस. राजलिंगम ने आगे आकर इन युवाओं की प्रतिभा की जमकर सराहना की। कमिश्नरसमारोह को संबोधित करते हुए कमिश्नर एस. राजलिंगम ने कहा कि योग भारत की एक अत्यंत प्राचीन और अमूल्य विरासत है, जिसे आज पूरा विश्व अपना रहा है। उन्होंने जोर देकर कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं है, बल्कि यह स्वस्थ शरीर, संतुलित मन और अनुशासित जीवन जीने का असली आधार है। उन्होंने वहां उपस्थित सभी नागरिकों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने और नई पीढ़ी को भी इससे जोड़ने का आह्वान किया। हालांकि, भीषण गर्मी के कारण कार्यक्रम निर्धारित समय से लगभग 45 मिनट की देरी से शुरू हुआ, जिससे कुछ समय के लिए लोग उमस से बेहाल नजर आए। लेकिन आयोजकों द्वारा की गई ठंडे पेयजल व अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के चलते स्थिति को तुरंत संभाल लिया गया। 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत पौधारोपण योग सत्र की समाप्ति के बाद पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कॉलेज परिसर में व्यापक स्तर पर पौधारोपण किया गया। 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के अंतर्गत कमिश्नर एस. राजलिंगम, सीडीओ और एसडीएम ने मिलकर परिसर में पौधे लगाए और लोगों को पर्यावरण के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। इस शिविर में शिक्षा विभाग की सबसे सक्रिय और महत्वपूर्ण भागीदारी रही। इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग, राजस्व विभाग, पंचायती राज, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं के सदस्यों ने भी अपनी सहभागिता निभाई। कार्यक्रम की शुरुआत में टाउन नेशनल कॉलेज के स्काउट प्रशिक्षुओं ने मार्च पास्ट कर और मुख्य अतिथि को सलामी देकर उनका स्वागत किया। इस गौरवमयी अवसर पर क्षेत्राधिकारी रामकृष्ण तिवारी, नायब तहसीलदार अजय वर्मा, विक्रम यादव, प्रधानाचार्य प्रत्युष त्रिपाठी, आपूर्ति निरीक्षक श्याममोहन सिंह, कोतवाल अनिल सिंह, सीएचसी से डॉ. दिनेश सिंह, लेखपाल संघ के अध्यक्ष राहुल मौर्य आदि मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
दूसरी ओर, कोतवाली परिसर में भी पुलिसकर्मियों के लिए विशेष योग शिविर का आयोजन किया गया, जहां चौकी प्रभारी मनोज पांडेय ने पुलिस पुरुष एवं महिला कर्मियों को योगाभ्यास कराया और उन्हें तनाव मुक्त रहने के टिप्स दिए।



