वाराणसी से लापता हुआ सैदपुर का बीएससी छात्र, परिजनों में कोहराम

वाराणसी से लापता हुआ सैदपुर का बीएससी छात्र, परिजनों में कोहराम

सैदपुर : सैदपुर कोतवाली क्षेत्र के धरमपुर गांव का रहने वाला एक 19 वर्षीय बीएससी छात्र वाराणसी से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया है। छात्र का नाम सत्यम यादव है, जो बीते शुक्रवार को सुबह अपने घर से वाराणसी में रहने वाले अपने सहपाठी दोस्त आशीष से मिलने के लिए निकला था। दोस्त से मिलने के बाद से ही उसका कुछ पता नहीं चल सका है।  दोस्त से मिलने गया था छात्र: सत्यम यादव का दोस्त आशीष सैदपुर के ही बौरवा गांव का निवासी है। वह वाराणसी के सामने घाट स्थित एक कॉलोनी में किराए का कमरा लेकर पढ़ाई करता है। सत्यम शुक्रवार को उसी से मिलने वाराणसी गया था।   अगले दिन यानी शनिवार सुबह 9:00 बजे से सत्यम का कहीं कोई सुराग नहीं लगा। उसका मोबाइल और संपर्क टूट जाने के कारण उसके साथियों और परिजनों ने उसकी रिश्तेदारियों और संभावित जगहों पर काफी तलाश की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। सत्यम के पिता विजेंद्र यादव ने सैदपुर कोतवाल अनिल सिंह से मुलाकात कर बेटे को ढूंढने की गुहार लगाई।   सैदपुर पुलिस ने मामला वाराणसी क्षेत्र का होने के कारण परिजनों को वाराणसी के लंका थाने जाने की सलाह दी। इसके बाद परिजनों ने वाराणसी के लंका थाने में सत्यम यादव की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई है।  घर का चिराग अचानक लापता होने से परिवार के लोग किसी अनहोनी की आशंका से बेहद डरे और परेशान हैं। सत्यम का सुराग न मिलने के कारण परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है, लेकिन खबर लिखे जाने तक छात्र का कहीं कोई पता नहीं चल सका था।