काम के दौरान मजदूर की मौत, शव पहुंचते ही परिजनों में मचा कोहराम

काम के दौरान मजदूर की मौत, शव पहुंचते ही परिजनों में मचा कोहराम

रानू पाण्डेय की रिपोर्ट

खानपुर। थाना क्षेत्र के जमीन सन्दल गांव निवासी एक मजदूर की जौनपुर में सड़क निर्माण कार्य के दौरान तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। रविवार को शव गांव पहुंचते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।जानकारी के अनुसार,मखन्चू बिंद पुत्र कत्तर बिन्द उम्र 40 जौनपुर के केराकत क्षेत्र में पीडब्ल्यूडी विभाग का पीच रोड निर्माण कार्य में मजदूरी कर रहे थे। रविवार की शाम करीब पांच बजे अचानक उनकी तबीयत खराब हो गई। साथियों और ठेकेदार द्वारा उन्हें तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने गंभीर हालत देखते हुए जिला चिकित्सालय जौनपुर रेफर कर दिया। एम्बुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने शाम करीब 8:50 बजे जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।मृतक अपने पीछे 38 वर्षीय पत्नी सुखिया देवी, चार पुत्रियां सुनीता (10 वर्ष), करैली (8 वर्ष), आशा (6 वर्ष) और उषा (2 वर्ष) तथा वृद्ध पिता कतर बिंद को छोड़ गए हैं। परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी पूरी तरह मखन्चू बिंद के कंधों पर थी। उनके असमय निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।सोमवार को शव गांव पहुंचते ही पत्नी और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। ग्रामीणों ने बताया कि मखन्चू बिंद मेहनत-मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते थे। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है और बड़ी संख्या में लोग शोक संवेदना व्यक्त करने उनके घर पहुंच रहे हैं।