जिंदा महिला को मृत घोषित कर बंद की गई वृद्धा पेंशन, डीएम से लगाई बहाली की गुहार
रानू पाण्डेय की रिपोर्ट
खानपुर। सैदपुर तहसील क्षेत्र के नसीरपुर गांव की एक वृद्ध महिला को सरकारी अभिलेखों में मृत दर्शाए जाने का मामला सामने आया है। महिला ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर खुद को जीवित बताते हुए बंद की गई वृद्धा पेंशन को पुनः चालू कराने की मांग की है।जानकारी के अनुसार, नसीरपुर गांव निवासी पार्वती देवी लंबे समय से वृद्धा पेंशन योजना का लाभ प्राप्त कर रही थीं। आरोप है कि 27 जून 2024 के बाद विभागीय अभिलेखों में उन्हें मृत दर्शा दिया गया, जिसके चलते उनकी पेंशन बंद कर दी गई। जबकि पार्वती देवी का कहना है कि वह पूरी तरह जीवित हैं और वर्तमान में अपने परिवार के साथ रह रही हैं।महिला ने जिलाधिकारी को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि पेंशन बंद होने से उनके सामने आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है। वृद्धावस्था में दवा, इलाज और दैनिक जरूरतों के लिए उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से जांच कराकर अभिलेखों में सुधार करने तथा वृद्धा पेंशन योजना का लाभ दोबारा दिलाने की मांग की है।पार्वती देवी का कहना है कि एक प्रशासनिक त्रुटि के कारण उन्हें जीवित रहते हुए मृत घोषित कर दिया गया, जिससे उनका जीवनयापन प्रभावित हो रहा है। उन्होंने प्रशासन से जल्द से जल्द आवश्यक कार्रवाई कर न्याय दिलाने की अपील की है।इस मामले के सामने आने के बाद क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है और लोग इसे सरकारी अभिलेखों में लापरवाही का उदाहरण बता रहे हैं। अब सभी की निगाहें प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी हैं।



