गौराडीह बाबा मंदिर में श्रीमद्भागवत कथा के पांचवें दिन होगा बाल लीलाओं का रसपान
रानू पाण्डेय की रिपोर्ट
खानपुर। गौराडीह बाबा मंदिर परिसर में आयोजित सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा ज्ञानयज्ञ के पांचवें दिन सोमवार को भगवान श्रीकृष्ण की मनमोहक बाल लीलाओं का भावपूर्ण वर्णन किया जाएगा। कथा वाचिका अमृता पाण्डेय श्रद्धालुओं को पुतना वध, माखन चोरी, कालिया नाग मर्दन, गोवर्धन लीला तथा इन्द्र के मान-मर्दन जैसे दिव्य प्रसंगों का रसपान कराएंगी।कथा के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं में निहित धर्म, भक्ति और सदाचार का संदेश दिया जाएगा। बताया जाएगा कि भगवान ने बाल्यावस्था में ही दुष्ट शक्तियों का संहार कर भक्तों की रक्षा की और अहंकार का नाश कर मानव समाज को प्रेम, करुणा और विनम्रता का मार्ग दिखाया।मंदिर परिसर में प्रतिदिन सायं 6 बजे से रात 9 बजे तक कथा का आयोजन हो रहा है, जिसमें क्षेत्र के श्रद्धालु बड़ी संख्या में पहुंचकर कथा श्रवण कर रहे हैं। भजन-कीर्तन और जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय बना हुआ है।मंदिर के व्यवस्थापक गिरिधर सिंह ने बताया कि कथा का समापन 24 जून को पूर्णाहुति एवं विशाल भंडारे के साथ होगा। आयोजन समिति के सदस्य अखिलेश सिंह (नखडू), अमित पाण्डेय, इन्द्रदेव पाण्डेय, त्रिलोकी साव, सुजीत त्रिपाठी एवं भरत चौहान ने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कथा का लाभ लेने की अपील की।



