तरांव गांव में चकमार्ग की पैमाइश न होने से ग्रामीण परेशान, आवागमन ठप
देवकली : देवकली क्षेत्र के तरांव ग्राम सभा में चकबंदी के दौरान चक और चकरोड (चकमार्ग) की पैमाइश न होने से स्थानीय किसान और ग्रामीण बेहद परेशान हैं। पैमाइश के अधूरे काम के कारण आए दिन विवाद की स्थिति बनी रहती है और लोगों को आने-जाने में भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। तरांव गांव के निवासी रामनिवास राम ने बताया कि प्राथमिक विद्यालय और रेलवे लाइन के समीप संपर्क मार्ग को जोड़ने वाले चकरोड को करीब 500 मीटर तक बिना पैमाइश किए ही छोड़ दिया गया है। इस मुख्य रास्ते की पैमाइश न होने से ग्रामीणों का आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि इस समस्या के समाधान के लिए संबंधित विभाग और अधिकारियों से कई बार गुहार लगाई जा चुकी है। हर बार पैमाइश कराने का सिर्फ खोखला आश्वासन ही मिलता है, लेकिन धरातल पर अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
अधिकारियों की लापरवाही के कारण तरांव ग्राम सभा आज तक मुख्य संपर्क मार्ग से नहीं जुड़ सकी है। प्रशासनिक उदासीनता का यह खामियाजा पूरे गांव के लोगों को भुगतना पड़ रहा है, जिससे स्थानीय जनता में गहरा आक्रोश है।



