जमीन विवाद में युवती से मारपीट, पुलिस पर मुकदमा दर्ज न करने और लापरवाही का आरोप

जमीन विवाद में युवती से मारपीट, पुलिस पर मुकदमा दर्ज न करने और लापरवाही का आरोप

जखनियां : भुड़कुड़ा थाना क्षेत्र के जोहरपुर गाँव में आबादी की जमीन को लेकर हुए विवाद में एक युवती के साथ कथित रूप से मारपीट और अभद्रता का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार ने स्थानीय पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए न्याय की गुहार लगाई है। परिवार का कहना है कि घटना की सूचना देने के बावजूद पुलिस ने न तो मुकदमा दर्ज किया और न ही घायल युवती का मेडिकल परीक्षण कराया।  प्राप्त जानकारी के अनुसार, जोहरपुर निवासी माधुरी कुमारी पुत्री ओमकार ने कोतवाली में एक प्रार्थना पत्र दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि मंगलवार को सुबह लगभग 11 बजे आबादी की जमीन के विवाद को लेकर गाँव के ही कुछ लोगों ने लामबंद (गोलबंद) होकर उन पर और उनके परिवार पर हमला कर दिया। विपक्षियों पर लात-घूसों, ईंट-पत्थरों से हमला करने और बाल पकड़कर घसीटने तथा जान से मारने की धमकी देने का आरोप है,  जिससे युवती को गंभीर चोटें आई हैं।  पुलिस पर सुबह से शाम तक थाने में बैठाए रखने का आरोप पीड़िता की माता और परिजनों ने पुलिस की कार्य प्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने बताया कि घटना के तुरंत बाद वे घायल युवती को लेकर प्रार्थना पत्र के साथ भुड़कुड़ा थाने पहुँचे थे। आरोप है कि पुलिस ने पहले ' इलाज कराने की बात' कहकर उन्हें वापस भेज दिया। इसके बाद जब वे दोबारा थाने पहुँचे, तो उन्हें सुबह से लेकर शाम तक थाने में ही बैठाए रखा गया। इस दौरान न तो मामले का मुकदमा दर्ज किया गया और न ही घायल युवती का कोई मेडिकल टेस्ट कराया गया। पीड़ित परिवार ने पुलिस प्रशासन के उच्चाधिकारियों से इस मामले में निष्पक्ष जाँच करने, आरोपियों के खिलाफ तुरंत मुकदमा दर्ज करने और उचित कानूनी कार्रवाई करने की माँग की है। पीड़िता का कहना है कि उसे न्याय दिलाने के लिए प्रशासन को तत्काल हस्तक्षेप करना चाहिए और दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाने चाहिए।इस संबंध में जब संवाददाताओं द्वारा भुड़कुड़ा कोतवाली के संबंधित अधिकारियों से जानकारी लेने का प्रयास किया गया, तो पुलिस प्रशासन की ओर से इस प्रकरण पर कोई स्पष्ट उत्तर नहीं मिल सका।