बहरियाबाद में रेलवे ट्रैक के पास मिला अज्ञात युवक का शव, ट्रेन से गिरकर मौत की आशंका
बहरियाबाद : बहरियाबाद थाना क्षेत्र के अंतर्गत हुरमुजपुर पुलिस चौकी के पास स्थित ग्राम वृंदावन में मंगलवार को रेलवे लाइन के किनारे एक अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। स्थानीय ग्रामीणों ने जोगीवीर बाबा मंदिर से आगे रेलवे पुल के दक्षिण दिशा की तरफ एक युवक का शव देखा। इसकी सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही हुरमुजपुर चौकी प्रभारी रविन्द्र कुमार गौड़ पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पहचान के प्रयास जारी चौकी प्रभारी ने बताया कि मृतक की उम्र करीब 40 वर्ष आंकी गई है। हुलिए और परिस्थितियों के आधार पर पुलिस स्थानीय लोगों की मदद से शव की पहचान कराने का प्रयास कर रही है, हालांकि अभी तक सफलता नहीं मिल सकी है। बहरियाबाद थानाध्यक्ष बृजेश कुमार ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि शुरुआती जांच के आधार पर यह अंदेशा जताया जा रहा है कि युवक किसी ट्रेन से सफर के दौरान दुर्घटना का शिकार हो गया। रेलवे ट्रैक के किनारे स्थिति को देखते हुए यह माना जा रहा है कि अचानक गिरने और चोट लगने के कारण युवक की मौके पर ही मौत हो गई। थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस ने विधिक प्रक्रिया पूरी कर शव को पोस्टमार्टम और शिनाख्त के लिए भेज दिया है। नियमों के तहत पहचान की प्रक्रिया पूरी होने के बाद आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



