बेटी से मिलने दामाद के घर आए ससुर की छत से गिरकर मौत, परिवार में मचा कोहराम

बेटी से मिलने दामाद के घर आए ससुर की छत से गिरकर मौत, परिवार में मचा कोहराम

सैदपुर।थाना क्षेत्र के भितरी गांव में बीती रात एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है। अपने दामाद के घर आए एक बुजुर्ग की देर रात छत पर टहलने के दौरान नीचे गिर जाने से मौत हो गई। इस घटना के बाद से पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है। हादसे से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।  बिहार के आरा के रहने वाले 58 वर्षीय मन्नू चौधरी कुछ दिन पहले ही भितरी गांव निवासी अपने कोटेडार दामाद विजय पासी के घर आए थे। वह अपनी विवाहित पुत्री से मिलने के लिए यहां पहुंचे थे।परिजनों ने बताया कि रात में परिवार के सभी सदस्यों ने एक साथ बैठकर भोजन किया। इसके बाद सब अपने-अपने कमरों और तय स्थानों पर सोने चले गए। मन्नू चौधरी रोजाना की तरह घर की छत पर सोने के लिए चले गए थे, जबकि बाकी लोग नीचे कमरों में सो रहे थे। रात करीब 11:45 बजे अचानक किसी भारी वस्तु के नीचे गिरने की जोरदार आवाज सुनाई दी।  तेज आवाज सुनकर परिजन घबराकर तुरंत बाहर भागे। नीचे जाकर देखा तो मन्नू चौधरी जमीन पर लहूलुहान और गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़े हुए थे। उनके सिर और शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई थीं। परिजन आनन-फानन में उन्हें अस्पताल ले जाने की तैयारी करने लगे, लेकिन तब तक उनकी सांसें थम चुकी थीं। मन्नू चौधरी अपने पीछे दो बेटे, दो बेटियां और भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। इस हादसे के बाद मृतक की बेटी, दामाद समेत पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।  पोस्टमार्टम के लिए भेजा शवघटना की सूचना मिलते ही भितरी चौकी इंचार्ज वासुदेव प्रसाद पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। इस संबंध में कोतवाल अनिल सिंह ने बताया कि मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।पुलिस शुरुआती तौर पर इसे छत से गिरकर हुई दुर्घटना मानकर जांच कर रही है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि यह हादसा पैर फिसलने की वजह से हुआ या इसके पीछे कोई अन्य कारण है। पुलिस के अनुसार, अभी तक इस मामले में कोई लिखित तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस हृदयविदारक घटना के बाद से पूरे गांव में गहरा शोक व्याप्त है और पीड़ित परिवार को सांत्वना देने वालों का तांता लगा हुआ है।