विवाहिता पिंकी देवी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर लगाया दहेज हत्या का आरोप

विवाहिता पिंकी देवी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर लगाया दहेज हत्या का आरोप

गाजीपुर : बिरनो थाना क्षेत्र के बिरनो गांव में एक विवाहिता पिंकी देवी का शव उनके कमरे में संदिग्ध अवस्था में मिला। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतका की पहचान: पिंकी देवी, पुत्री रवींद्र राम (निवासी बरही गांव, मरदह थाना)।शादी और परिवार: पिंकी की शादी दो वर्ष पहले बिरनो गांव के अशोक राम के साथ हुई थी। उनका एक सात महीने का बच्चा भी है।   पिंकी घटना से महज दो दिन पहले ही अपने मायके से ससुराल वापस आई थी। पिंकी के पिता रवींद्र राम के अनुसार, दिन में करीब 12:30 बजे पिंकी के ससुराल वालों ने फोन पर सूचना दी कि पिंकी ने अंदर से कमरे का दरवाजा बंद कर लिया है। जब मायके पक्ष के लोग बिरनो गांव पहुंचे, तो ससुराल के सदस्य घर पर मौजूद नहीं थे। कमरे के भीतर पिंकी का शव बरामद हुआ। घटना की खबर मिलते ही बरही गांव से ग्रामीण बिरनो गांव पहुंच गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने कमरे का दरवाजा खोलकर शव को कब्जे में लिया और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।  मृतका के पिता ने बिरनो थाने में तहरीर देकर पिंकी के पति अशोक राम, ससुर उमा राम, देवर सुजीत, और ननद रिंकू व रंभा के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए हैं। तहरीर के मुताबिक, ससुराल पक्ष पर दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ना और हत्या के आरोप लगाए गए हैं।  बिरनो थानाध्यक्ष शैलेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि पिता की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और पुलिस मामले की गहन जांच और कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।