41 डिग्री तापमान से बेहाल वन्यजीव, पेड़ की छांव में आराम करती दिखी नीलगाय
रानू पाण्डेय की रिपोर्ट
खानपुर। क्षेत्र में पड़ रही भीषण गर्मी का असर अब वन्यजीवों पर भी साफ दिखाई देने लगा है। मंगलवार को अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। चिलचिलाती धूप और उमस भरी गर्मी से राहत पाने के लिए एक नीलगाय खेत के किनारे स्थित पेड़ की घनी छांव में आराम करती नजर आई।दोपहर के समय दिखा यह दृश्य राहगीरों के लिए आकर्षण का केंद्र बना रहा। स्थानीय लोगों का कहना है कि तेज गर्मी के कारण वन्यजीव भी दिन के समय सुरक्षित और ठंडे स्थानों की तलाश में रहते हैं। ऐसे में पेड़-पौधे उनके लिए प्राकृतिक आश्रय का काम करते हैं।प्रकृति प्रेमियों ने कहा कि लगातार बढ़ते तापमान और हरित क्षेत्र में कमी के कारण वन्यजीवों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधरोपण करने और वन्यजीवों के प्राकृतिक आवासों के संरक्षण का आह्वान किया।



