तेज धूप से सूखने लगी धान की नर्सरी, बारिश के इंतजार में किसान

तेज धूप से सूखने लगी धान की नर्सरी, बारिश के इंतजार में किसान

रानू पाण्डेय की रिपोर्ट

खानपुर। क्षेत्र में पड़ रही भीषण गर्मी और तेज धूप का असर अब धान की नर्सरियों पर दिखाई देने लगा है। शुरुआती दिनों में हुई हल्की बारिश के बाद किसानों ने उत्साह के साथ नर्सरी डाल दी थी, लेकिन पिछले कई दिनों से बारिश नहीं होने के कारण खेतों की नमी तेजी से खत्म हो रही है। इससे धान की पौध सूखने लगी है और किसानों की चिंता बढ़ गई है।किसानों का कहना है कि शुरुआती बारिश से अच्छी फसल की उम्मीद जगी थी, लेकिन इसके बाद मौसम ने साथ नहीं दिया। लगातार तेज धूप और उमस के कारण खेतों में दरारें पड़ने लगी हैं। जिन किसानों ने समय से नर्सरी तैयार की थी, वे अब पानी की व्यवस्था को लेकर परेशान हैं।स्थानीय किसानों राजकुमार बिंद, जोखू बिंद राजा सिंह,राम इकबाल सिंह, रामकृष्ण सिंह अलगू ने बताया कि यदि जल्द बारिश नहीं हुई तो नर्सरी को बचाना मुश्किल हो जाएगा। वहीं जिन किसानों के पास सिंचाई के सीमित साधन हैं, उनकी परेशानी और बढ़ गई है।कृषि विशेषज्ञों का कहना है कि मानसून की सक्रियता बढ़ने पर स्थिति में सुधार हो सकता है। किसानों को सलाह दी गई है कि उपलब्ध संसाधनों से खेतों में नमी बनाए रखने का प्रयास करें और मौसम के पूर्वानुमान पर नजर रखें।

मुख्य बिंदु

बारिश नहीं होने से धान की नर्सरियां सूखने लगीं।

तेज धूप और गर्म हवाओं से खेतों की नमी तेजी से कम हो रही है।

किसान बारिश की आस लगाए बैठे हैं।

कृषि विशेषज्ञों ने मौसम में बदलाव के साथ अच्छी वर्षा की उम्मीद जताई है।