मुख्यमंत्री से मिले पूर्व सांसद राधेमोहन सिंह, मेघबरन सिंह हॉकी स्टेडियम में बन रहे इनडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स की दी जानकारी
रानू पाण्डेय की रिपोर्ट
खानपुर। पूर्व सांसद राधेमोहन सिंह ने मंगलवार को लखनऊ में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट कर उनका आशीर्वाद एवं मार्गदर्शन प्राप्त किया। इस दौरान उन्होंने जनपद गाजीपुर के विकास, युवाओं के लिए खेल सुविधाओं के विस्तार तथा करमपुर स्थित मेघबरन सिंह हॉकी स्टेडियम समेत विभिन्न जनहित के मुद्दों पर चर्चा की।पूर्व सांसद ने मुख्यमंत्री को बताया कि आप द्वारा दिए गए 4.50 करोड़ रुपये की लागत से मेघबरन सिंह हॉकी स्टेडियम परिसर में लगभग 7000 वर्गमीटर क्षेत्रफल में अत्याधुनिक इनडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का निर्माण कार्य 90 प्रतिशत पूरा हो चुका हैं जिसमें बास्केटबॉल, बैडमिंटन सहित विभिन्न खेलों की सुविधाओं के साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर का जिम और मल्टीस्पोर्ट सुविधाएं विकसित की जा रही हैं, जिससे पूर्वांचल के खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और संसाधन उपलब्ध हो सकेंगे।राधेमोहन सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश विकास और सुशासन की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। उनका मार्गदर्शन जनसेवा के लिए निरंतर प्रेरित करता है। उन्होंने भरोसा जताया कि गाजीपुर के युवाओं के उज्ज्वल भविष्य और क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए उनके प्रयास लगातार जारी रहेंगे।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी खेल सुविधाओं के विस्तार और जनपद के विकास से जुड़े प्रस्तावों पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए प्रदेश में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता दोहराई।



