बिजली की चपेट में आने से वृद्ध किसान की दर्दनाक मौत, परिजनों में कोहराम
गाजीपुर: बरेसर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम बठना में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहाँ धान की नर्सरी में पानी चलाने गए लगभग 60 वर्षीय वृद्ध किसान कुबेर पाल की बिजली की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
मृतक के छोटे भाई मोहन पाल ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि कुबेर पाल मंगलवार सुबह करीब 8 बजे अपने धान के खेत (नर्सरी) में पानी लगाने के लिए ट्यूबवेल चालू करने गए थे। जब काफी देर तक वह वापस नहीं लौटे और मोहन पाल ट्यूबवेल के पास कुदाल रखने गए, तो उन्होंने कुबेर पाल को वहाँ अचेत अवस्था में गिरे हुए पाया।
भाई को बेसुध हालत में देखकर परिजनों में अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में उन्हें बरेसर के ही एक निजी अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस खबर से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
घटना की सूचना मिलते ही बरेसर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी ओमप्रकाश ने बताया कि मृतक की बहू बिंदु पाल की तरफ से पुलिस को मामले की तहरीर (लिखित शिकायत) मिल चुकी है। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी के अनुसार, मौत के सही कारणों का सटीक पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।



