36 घंटे में मंदिर चोरी का खुलासा, चांदी का मुकुट बरामद, दो युवक गिरफ्तार

36 घंटे में मंदिर चोरी का खुलासा, चांदी का मुकुट बरामद, दो युवक गिरफ्तार

रानू पाण्डेय की रिपोर्ट


खानपुर। थाना क्षेत्र के गोपालपुर गांव स्थित मंदिर से चोरी हुए चांदी के मुकुट की घटना का खानपुर पुलिस ने महज 36 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने चोरी के मुकुट के साथ दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। बरामद मुकुट की कीमत करीब एक लाख रुपये बताई जा रही है।पुलिस के अनुसार, 25 जून की रात गोपालपुर स्थित मंदिर से चांदी का मुकुट चोरी हो गया था। घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीम लगातार छानबीन कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी की घटना में शामिल आरोपी मुकुट को बेचने के लिए बिहारीगंज डगरा मार्ग से गुजरने वाले हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर शनिवार तड़के करीब 1:54 बजे दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गोपालपुर निवासी गौरव यादव पुत्र सुरेश यादव तथा प्रभास उर्फ निर्णय यादव पुत्र सुरेश यादव के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से चोरी किया गया चांदी का मुकुट बरामद हुआ।
पुलिस ने बताया कि बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी करते हुए आरोपियों के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी सैदपुर और थानाध्यक्ष खानपुर के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने की।