दवा के रिएक्शन से इंटर की छात्रा की मौत, परिवार में कोहराम
सादात : स्थानीय थाने के पीछे स्थित राजभर बस्ती (वार्ड नंबर दो) में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां दवा के रिएक्शन के कारण 17 वर्षीय इंटर की छात्रा सोनी भारद्वाज की मौत हो गई। इस घटना के बाद से पीड़ित परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, सोनी भारद्वाज का इलाज चल रहा था। गुरुवार की रात उसने गलती से दो अलग-अलग दवाइयां एक साथ खा लीं। दवा खाने के कुछ ही समय बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ने लगी और उसे लगातार उल्टियां होने लगीं। तबीयत खराब होते देख परिजन उसे तुरंत एक निजी डॉक्टर के पास ले गए। वहां से गंभीर हालत में उसे सैदपुर सीएचसी (सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र) रेफर किया गया। स्थिति में सुधार न होने पर डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान शुक्रवार की सुबह उसने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही उप निरीक्षक अनिरुद्ध द्विवेदी हमराही कांस्टेबल के साथ जिला अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी पन्नेलाल यादव ने बताया कि शव का पंचायतनामा भरकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। मृतका सोनी भारद्वाज इंटर फाइनल की छात्रा थी। उसकी इस असमय मौत से मां सीमा देवी, भाई सनी, आनंद और बहन आंचल सहित पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।



