साइबर फ्रॉड के शिकार पीड़ित को पुलिस ने दिलाए ₹5000 वापस, पीड़ित ने जताया आभार
करीमुद्दीनपुर। करीमुद्दीनपुर थाना क्षेत्र के बीबीपुर गांव में साइबर धोखाधड़ी का एक मामला सामने आया है, जहां पुलिस की मुस्तैदी से पीड़ित के डूबे हुए पैसे वापस मिल गए हैं। बीबीपुर गांव के निवासी आकाश गुप्ता (पुत्र शिव जी गुप्ता) के बैंक खाते से साइबर ठगों ने धोखाधड़ी कर पांच हजार रुपये निकाल लिए थे। ऑनलाइन ठगी का शिकार होने के बाद पीड़ित ने तुरंत सतर्कता दिखाई और नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग (एनसीआरपी) पोर्टल पर अपनी शिकायत दर्ज कराई। शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया। दर्ज मुकदमे के आधार पर पुलिस टीम ने त्वरित तकनीकी कार्रवाई शुरू की। पुलिस के कड़े प्रयासों के चलते ठगी गई पांच हजार रुपये की पूरी राशि पीड़ित आकाश गुप्ता के बैंक खाते में सफलतापूर्वक वापस (रिफंड) करा दी गई। अपने मेहनत की कमाई वापस पाकर पीड़ित आकाश गुप्ता के चेहरे पर खुशी लौट आई। उन्होंने त्वरित और प्रभावी कार्रवाई के लिए स्थानीय पुलिस प्रशासन की सराहना की और उनका आभार व्यक्त किया।



