अनियंत्रित ऑटो रिक्शा पलटने से 13 वर्षीय किशोर की मौत, तीन घायल
भांवरकोल थाना क्षेत्र के नसीरपुर गांव के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है, जहां एक अनियंत्रित ऑटो रिक्शा पलटने से एक किशोर की मौत हो गई और तीन अन्य लोग मामूली रूप से घायल हो गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 8:30 बजे एक ऑटो रिक्शा छह यात्रियों को लेकर बिहार के बक्सर जिले के थाना ब्रह्मपुर अंतर्गत ग्राम जगदीशपुर नदाव से रवाना हुआ था। ये सभी श्रद्धालु भांवरकोल थाना क्षेत्र के अमवा सती माता मंदिर में दर्शन और पूजन करने जा रहे थे। जैसे ही ऑटो रिक्शा नसीरपुर गांव के प्राथमिक विद्यालय के पास पहुंचा, वह अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के वक्त ऑटो चालक के बगल में बैठा 13 वर्षीय किशोर अंगद पाण्डेय (पुत्र महाबीर पाण्डेय) गाड़ी के नीचे दबकर गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके अलावा ऑटो में सवार मंजू कुमारी (पुत्री नखडू पाल) और दो अन्य यात्रियों को आंशिक चोटें आईं। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने सभी घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुहम्मादाबाद (जनपद ग़ाज़ीपुर) भिजवाया। वहां जांच के बाद डॉक्टरों ने गंभीर रूप से घायल अंगद पाण्डेय को मृत घोषित कर दिया। मामले की जानकारी देते हुए थाने के सब-इंस्पेक्टर (एसएसआई) दयाशंकर सिंह ने बताया कि मृतक के परिजनों ने इस संबंध में कोई भी कानूनी कार्रवाई करने से इनकार कर दिया और बिना पोस्टमार्टम कराए शव को अपने साथ लेकर चले गए।



