नंदगंज में भीषण सड़क हादसा: पिकअप और विक्रम टेम्पो की टक्कर, मोटरसाइकिल सवार सहित कई लोग घायल
नंदगंज : शुक्रवार सुबह लगभग 10:30 बजे नंदगंज क्षेत्र के आकुशपुर स्थित जयगुरुदेव आश्रम के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। गाजीपुर की ओर से तेज रफ्तार में आ रही एक पिकअप और नंदगंज से सवारी लेकर गाजीपुर जा रहे विक्रम टेम्पो के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में टेम्पो चालक समेत दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। पिकअप और टेम्पो की टक्कर इतनी भीषण थी कि उसकी चपेट में वहां से गुजर रहे दो मोटरसाइकिल सवार भी आ गए। हादसे में दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की पहचान मदनाही निवासी सुमित सरोज (21 वर्ष), पुत्र गुड्डू पासवान के रूप में हुई है, जो अपने घर से गाजीपुर जा रहे थे। इस दुर्घटना में उनकी मोटर साइकिल भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को इलाज के लिए तुरंत पास के चिकित्सक के पास पहुंचाया। एक अन्य घायल की पहचान जमानिया निवासी एक युवक के रूप में हुई है, जो सोहराम बाबा का दर्शन कर अपने घर लौट रहा था। इस दुर्घटना में वह भी गंभीर रूप से घायल हो गया और उसका दाहिना पैर टूट गया। उसे एम्बुलेंस 108 की मदद से जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के तुरंत बाद पिकअप चालक अपने वाहन को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। हालांकि, बाद में मौका मिलते ही पिकअप चालक और टेम्पो चालक अपने-अपने वाहन लेकर वहां से चले गए।



