जनसुनवाई में एमएलसी विशाल सिंह 'चंचल' ने सुनीं लोगों की समस्याएं, दृष्टिबाधित युवक के लिए मां ने लगाई आवास की गुहार
रानू पाण्डेय की रिपोर्ट
सैदपुर/खानपुर। सैदपुर स्थित पीडब्ल्यूडी डाक बंगला (गेस्ट हाउस) में रविवार को विधान परिषद सदस्य विशाल सिंह 'चंचल' ने जनसुनवाई कर क्षेत्र से आए लोगों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को सभी शिकायतों का शीघ्र, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।जनसुनवाई के दौरान विकासखंड सैदपुर के ग्राम तेतारपुर गौरहट निवासी गीता ने अपने 100 प्रतिशत दृष्टिबाधित बेटे के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने की मांग करते हुए एमएलसी को प्रार्थना पत्र सौंपा। महिला ने बताया कि उसका बेटा जन्म से दृष्टिबाधित है और पात्र होने के बावजूद अब तक उसे आवास योजना का लाभ नहीं मिल सका। उन्होंने आरोप लगाया कि ग्राम पंचायत स्तर पर उपेक्षा के कारण उसके बेटे का नाम आवास सूची में शामिल नहीं किया गया, जबकि गांव के अन्य पात्र लोगों को योजना का लाभ मिल चुका है।मामले को गंभीरता से लेते हुए एमएलसी विशाल सिंह 'चंचल' ने संबंधित अधिकारियों को जांच कर पात्रता के अनुसार आवश्यक कार्रवाई करने तथा नियमानुसार लाभ दिलाने के निर्देश दिए।इस अवसर पर एमएलसी ने कहा कि जनसेवा ही उनका संकल्प है और प्रत्येक नागरिक की समस्या का समाधान उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों से निर्देशों का पालन करते हुए शिकायतों का समयबद्ध और निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।



