गंगा नदी में डूबने से 17 वर्षीय छात्र की दर्दनाक मौत, दो दोस्तों को ग्रामीणों ने बचाया

गंगा नदी में डूबने से 17 वर्षीय छात्र की दर्दनाक मौत, दो दोस्तों को ग्रामीणों ने बचाया

भांवरकोल। थाना क्षेत्र के शेरपुर खुर्द गांव में उस समय मातम छा गया, जब दोस्तों के साथ गंगा नदी में नहाने गए एक 17 वर्षीय किशोर की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान रोहित पाल (17 वर्ष) पुत्र अमरनाथ पाल के रूप में हुई है। रोहित अपने माता-पिता की तीन संतानों में दूसरे नंबर पर था और वह शहीद संस्मरण इंटर कॉलेज शेरपुर में कक्षा 11वीं का छात्र था।  जानकारी के अनुसार, रोहित रविवार सुबह अपने दोस्तों के साथ क्षेत्र के शेरपुर कलां गंगा घाट पर नहाने गया था। नहाते समय अचानक पैर फिसल जाने के कारण रोहित नदी के गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। उसके साथ आए दो अन्य किशोर भी डूबने लगे थे, जिन्हें देखकर घाट पर मौजूद ग्रामीणों और मल्लाहों ने तत्परता दिखाते हुए पानी से सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हालांकि, रोहित गहरे पानी में काफी दूर निकल गया।   घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय मल्लाहों की मदद से काफी मशक्कत के बाद रोहित को नदी से बाहर निकाला। उसे तत्काल इलाज के लिए मुहम्मदाबाद सीएचसी (सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र) ले जाया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए उसे मृत घोषित कर दिया।  रोहित की मौत की खबर सुनते ही और उसका शव पैतृक आवास पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। माता-पिता सहित सभी परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस हादसे से पूरे गांव में शोक की लहर है।  थानाध्यक्ष संतोष कुमार राय ने बताया कि शेरपुर खुर्द निवासी अमरनाथ पाल की सूचना पर पुलिस ने मृतक रोहित पाल के शव को कब्जे में ले लिया है। कानूनी औपचारिकताएं पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।