अंतिम संस्कार में शामिल होने गए किशोर की डूबने से मौत : गंगा स्नान के दौरान दर्दनाक हादसा
मरदह (गाजीपुर):बिरनो थाना क्षेत्र के पालिया गांव में उस समय शोक की लहर दौड़ गई, जब गंगा नदी में स्नान के दौरान एक किशोर की डूबने से मौत हो गई। यह दर्दनाक हादसा शनिवार की देर शाम गाजीपुर के गंगा घाट पर हुआ। प्राप्त जानकारी के अनुसार, पालिया गांव की एक वृद्ध महिला जानकी देवी के निधन के बाद ग्रामीण उनके अंतिम संस्कार के लिए गाजीपुर घाट गए थे। उनके साथ गांव के कुछ किशोर भी श्मशान घाट पहुंचे थे। दाह संस्कार के दौरान चार किशोर गंगा नदी में स्नान करने के लिए गहरे पानी में चले गए। नहाते समय अचानक चारों किशोर गहरे पानी में फंस गए और डूबने लगे। घाट पर मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए किसी तरह तीन किशोरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। पालिया निवासी किशोर प्रियांशु ने बताया कि उसने पहले डूब रहे शानू और रिशु को बचाने का प्रयास किया। इस बीच शानू तेज धारा में बहकर दूर चला गया, जिसे मछुआरों ने नाव की मदद से सुरक्षित निकाला। रिशु को भी बचा लिया गया, लेकिन इस पूरी अफरा-तफरी के बीच पीयूष कुमार गंगा की तेज धारा में समा गया। घटना की सूचना मिलते ही पीयूष के परिजन और ग्रामीण बदहवास होकर घाट पर पहुंचे। स्थानीय पुलिस और गोताखोरों ने देर शाम तक खोजबीन अभियान चलाया, लेकिन शनिवार को पीयूष का कोई सुराग नहीं मिल सका। रविवार की दोपहर बंजारीपुर के पास से किशोर का शव बरामद हुआ, जिसे पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक पीयूष कुमार अपने दो भाइयों में बड़ा था और हाईस्कूल का छात्र था। उसके परिवार में पिता राजेश राम, माता मंजू देवी, तीन बड़ी बहनें (अनामिका, आकांक्षा, गरिमा) और एक छोटा भाई छोटेलाल है। इकलौते बड़े बेटे की मौत से माता-पिता और बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस हृदयविदारक घटना के बाद से पूरे पालिया गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है।



