कुसुम्ही कला गांव के पास पिकअप ने बाइक को मारी टक्कर, तीन युवक गंभीर रूप से घायल
नंदगंज। थाना क्षेत्र के कुसुम्ही कला गांव के समीप रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। एक तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक सवार तीन युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में बाइक सवार तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पिकअप चालक मौके से वाहन लेकर फरार हो गया। जानकारी के अनुसार, थाना क्षेत्र के कुसुम्ही कला मड़हिया गांव के निवासी माता बिंद, हनुमान बिंद और महंगू बिंद रविवार सुबह बाइक पर सवार होकर किसी काम से नंदगंज जा रहे थे। जैसे ही वे कुसुम्ही कला गांव के पास पहुंचे, गाजीपुर की तरफ से आ रही एक अनियंत्रित पिकअप ने उनकी बाइक में सामने से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों युवक सड़क पर गिरकर लहूलुहान हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए तीनों घायलों को तुरंत नजदीकी मेडिकल कॉलेज के जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है। वहीं, मौका पाकर पिकअप चालक अपने वाहन सहित वहां से भागने में सफल रहा। इस संबंध में थानाध्यक्ष अतुल कुमार मिश्रा ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। हालांकि, अभी तक घायलों या उनके परिजनों की तरफ से पुलिस को कोई लिखित तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर मिलने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस फिलहाल फरार पिकअप चालक की तलाश कर रही है।



