मालगाड़ी की चपेट में आने से विक्षिप्त युवती की मौत, परिजनों ने बिना पुलिस को बताए किया अंतिम संस्कार

मालगाड़ी की चपेट में आने से विक्षिप्त युवती की मौत, परिजनों ने बिना पुलिस को बताए किया अंतिम संस्कार

सादात: सादात थाना क्षेत्र के बदनपुर गांव में रविवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहाँ एक 23 वर्षीय युवती की मालगाड़ी की चपेट में आने से मौत हो गई। मृतका की पहचान अंजू कुमारी के रूप में हुई है।   घटना के संबंध में मृतका के पिता रविन्द्र राम ने बताया कि अंजू कुमारी पिछले काफी समय से मानसिक रूप से बीमार चल रही थी। उसका इलाज वाराणसी के दीनदयाल अस्पताल से कराया जा रहा था। रविवार को वह अचानक मालगाड़ी की चपेट में आ गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।  हादसे की खबर मिलते ही मृतका के घर में कोहराम मच गया। मां तारा देवी सहित परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में इस घटना के बाद से मातम पसरा हुआ है।   बताया जा रहा है कि हादसे के बाद परिजन पुलिसिया कार्रवाई और कानूनी पचड़े से बचना चाहते थे। इसी डर के कारण उन्होंने स्थानीय पुलिस को घटना की कोई सूचना नहीं दी और चुपचाप शव का अंतिम संस्कार कर दिया।   इस पूरे मामले पर एसओ पन्नालाल यादव ने बताया कि पुलिस को इस घटना के संबंध में अब तक कोई लिखित या मौखिक सूचना नहीं मिली है। यदि इस मामले में कोई शिकायत दर्ज कराई जाती है, तो पुलिस द्वारा त्वरित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।