रामकरन सेतु पर तेज रफ्तार डंफर ने बाइक सवार को मारी टक्कर, पैर टूटा, वाराणसी ट्रॉमा सेंटर रेफर

रामकरन सेतु पर तेज रफ्तार डंफर ने बाइक सवार को मारी टक्कर, पैर टूटा, वाराणसी ट्रॉमा सेंटर रेफर

सैदपुर (गाजीपुर): सैदपुर नगर को चंदौली जनपद से जोड़ने वाले रामकरन सेतु गंगा पुल पर रविवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। एक तेज रफ्तार डंफर ने मोटरसाइकिल सवार को जोरदार टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया। इस दुर्घटना में बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया है।   प्राप्त जानकारी के अनुसार, चंदौली जनपद के बलुआ थाना क्षेत्र के मारूफपुर गांव निवासी 46 वर्षीय राकेश पाण्डेय (पुत्र रामजी पाण्डेय) वाराणसी के पहाड़िया में रहकर एक निजी बैंक में कार्य करते हैं। वे तीन दिन की छुट्टी होने पर बीते शुक्रवार को अपने घर आए थे। रविवार सुबह करीब 11 बजे राकेश अपनी बाइक से वापस वाराणसी जा रहे थे। जैसे ही वह रामकरन सेतु गंगा पुल पर पहुंचे, तभी गंगा बालू (रेत) लादने जा रही एक तेज रफ्तार डंफर ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।  टक्कर इतनी भयानक थी कि राकेश के दाएं पैर की उंगलियां फट गईं और बायां पैर कई जगहों से टूट गया। दुर्घटना के बाद स्थानीय राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए घायल राकेश को तुरंत सैदपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार करने के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए वाराणसी ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। हादसे  के बाद डंफर चालक वाहन लेकर भागने लगा। सूचना मिलते ही घायल के परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों ने डंफर का पीछा किया और चहनियां के पास डंफर समेत चालक को पकड़ लिया। ग्रामीणों ने इसकी सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस को दी। मौके पर पहुंची बलुआ थाने की पुलिस ने चालक और डंफर को अपनी कस्टडी में ले लिया और बलुआ कोतवाली ले गई। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।