आर्द्रा नक्षत्र की पहली बारिश से किसानों को मिली बड़ी राहत, फसलों के लिए वरदान
भांवरकोल : क्षेत्र में सोमवार को अचानक मौसम का मिजाज बदल गया। पिछले कई दिनों से पड़ रही तेज धूप, उमस और भीषण गर्मी से परेशान लोगों को सोमवार सुबह करीब नौ बजे आसमान में काले बादल छाने और गरज-चमक के साथ हुई बारिश से बड़ी राहत मिली। क्षेत्र के कुछ हिस्सों में झमाझम बारिश हुई तो कहीं बूंदाबांदी दर्ज की गई। बारिश शुरू होते ही मौसम पूरी तरह सुहावना हो गया। यह आर्द्रा नक्षत्र की पहली बारिश है, जिसका किसान लंबे समय से बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। पानी बरसते ही किसानों के चेहरे खिल उठे और उनके मन में अच्छी फसल की उम्मीद जाग गई है। धान की रोपाई और अन्य खरीफ फसलों की तैयारी में जुटे किसानों का कहना है कि यह बारिश खेती-किसानी के लिए किसी वरदान से कम नहीं है। इस बारिश से खेतों में पर्याप्त नमी आएगी, जिससे धान की रोपाई के काम में तेजी आएगी। साथ ही, किसानों को सिंचाई की चिंता और लागत से भी काफी राहत मिलेगी। आर्द्रा नक्षत्र की इस पहली वर्षा ने न केवल लोगों को भीषण गर्मी से निजात दिलाई है, बल्कि किसानों के मन में अच्छी पैदावार और समृद्धि की एक नई उम्मीद भी जगा दी है।



