CHCs सैदपुर से हटाकर CHC खानपुर से जोड़े जाएं क्षेत्र के दर्जनों गाँव, ग्रामीणों ने DM को सौंपा प्रार्थना पत्र

CHCs सैदपुर से हटाकर CHC खानपुर से जोड़े जाएं क्षेत्र के दर्जनों गाँव, ग्रामीणों ने DM को सौंपा प्रार्थना पत्र

खानपुर  : खानपुर ब्लॉक के अंतर्गत आने वाले दर्जनों गांवों के ग्रामीणों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) खानपुर का स्पष्ट क्षेत्र निर्धारण करने और अपने गांवों को इससे संबद्ध करने की मांग तेज कर दी है।   इस संबंध में ग्रामीणों ने जिला अधिकारी को एक प्रार्थना पत्र सौंपकर अपनी समस्याओं से अवगत कराया।    प्रार्थना पत्र में बताया गया है कि तेतारपुर, गौरहट, बहुरा, भजाडी, गौधा, सिंगारपुर, नायकडीह, बिजहल और नेवादा सहित क्षेत्र के कई गाँव वर्तमान में CHC सैदपुर से जुड़े हुए हैं। इन गांवों से सैदपुर की दूरी लगभग 20 से 25 किलोमीटर है। सबसे बड़ी समस्या यह है कि सैदपुर जाने के रास्ते में तीन से चार रेलवे क्रॉसिंग पड़ती हैं, जहाँ अक्सर लंबा जाम लगा रहता है। इसके विपरीत, CHC खानपुर इन सभी गांवों के काफी नजदीक स्थित है।   ग्रामीणों ने शिकायत में कहा है कि लंबी दूरी और जाम के कारण मरीजों को समय पर इलाज नहीं मिल पाता है। आपातकालीन स्थिति में यह परेशानी और ज्यादा बढ़ जाती है। ग्रामीणों के मुताबिक, सबसे अधिक दिक्कत गर्भवती महिलाओं को उठानी पड़ती है।  नियमित जांच, संस्थागत प्रसव (डिलीवरी), जननी सुरक्षा योजना, नसबंदी, रेबीज इंजेक्शन और टीकाकरण जैसी बुनियादी स्वास्थ्य सेवाओं के लिए भी ग्रामीणों को मजबूरी में अनावश्यक रूप से लंबी दूरी तय करनी पड़ रही है।    ग्रामीणों ने जिला अधिकारी से जनहित को ध्यान में रखते हुए यह मांग की है कि खानपुर थाना क्षेत्र के गांवों का स्पष्ट क्षेत्र निर्धारण किया जाए। इन सभी गांवों को तत्काल प्रभाव से CHC सैदपुर से हटाकर CHC खानपुर से संबद्ध किया जाए, ताकि स्थानीय लोगों को निकटतम स्वास्थ्य केंद्र पर समय से और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।