सरकारी नेग में अब पायल-बिछिया नहीं, वधू के खाते में भेजे जाएंगे 64 हजार रुपये

सरकारी नेग में अब पायल-बिछिया नहीं, वधू के खाते में भेजे जाएंगे 64 हजार रुपये

रानू पाण्डेय की रिपोर्ट

खानपुर। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना पर भी सोने-चांदी की बढ़ती कीमतों का असर दिखाई देने लगा है। अब तक वधू को सरकारी नेग के रूप में मिलने वाली चांदी की पायल और बिछिया को उपहार सूची से हटा दिया गया है। इसके बदले वधू के बैंक खाते में अतिरिक्त 4,000 रुपये भेजे जाएंगे।नए वित्तीय वर्ष के लिए सैदपुर को 1,575 जोड़ों के विवाह का लक्ष्य मिला है। योजना में बड़े बदलाव के तहत प्रति जोड़े पर सरकार की ओर से एक लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इसमें पहले 60,000 रुपये सीधे वधू के बैंक खाते में भेजे जाते थे, जबकि 25,000 रुपये उपहार सामग्री और 15,000 रुपये आयोजन व्यवस्था पर खर्च किए जाते थे।अब चांदी की पायल और बिछिया हटाए जाने के बाद वधू के खाते में भेजी जाने वाली राशि 60,000 रुपये से बढ़ाकर 64,000 रुपये कर दी गई है। वहीं उपहार सामग्री पर होने वाला खर्च 25,000 रुपये से घटाकर 21,000 रुपये कर दिया गया है।उपहार सामग्री में पहले की तरह कपड़े, डिनर सेट, प्रेशर कुकर और ट्रॉली बैग दिए जाएंगे, लेकिन चांदी की पायल और बिछिया अब इसमें शामिल नहीं होंगी। समाज कल्याण अधिकारी नीरज पूजा ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे और तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। उन्होंने बताया कि चांदी की बढ़ती कीमतों के कारण पायल और बिछिया को उपहार सूची से हटाया गया है। अब इसके स्थान पर 4,000 रुपये सीधे वधू के बैंक खाते में भेजे जाएंगे।