मुख्यमंत्री पर्यटन स्थल विकास योजना के तहत 82.27 लाख रुपये स्वीकृत, पहली किस्त के रूप में 61 लाख जारी
रानू पाण्डेय की रिपोर्ट
खानपुर। सैदपुर विकास खंड के गौरी गांव स्थित ऐतिहासिक पूर्ण कुटी आश्रम का जल्द ही कायाकल्प होगा। मुख्यमंत्री पर्यटन स्थल विकास योजना के तहत आश्रम के सौंदर्यीकरण एवं आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए प्रदेश सरकार ने 82.27 लाख रुपये की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। इसके सापेक्ष प्रथम किस्त के रूप में 61 लाख रुपये जारी कर दिए गए हैं।शासन के निर्देशानुसार आश्रम परिसर में श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधा के लिए करीब 50 लाख रुपये की लागत से शौचालय सहित बहुउद्देशीय हॉल का निर्माण कराया जाएगा। इसके अलावा पेविंग कार्य, स्ट्रीट लाइट, सोलर पैनल, बेंच, साइन बोर्ड, सबमर्सिबल पंप तथा लैंडस्केपिंग जैसे विकास कार्य भी कराए जाएंगे, जिससे आश्रम की सुविधाएं और आकर्षण बढ़ेगा।इस परियोजना के क्रियान्वयन की जिम्मेदारी उत्तर प्रदेश आवास एवं विकास परिषद को सौंपी गई है। शासन ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता और समयबद्धता पर विशेष जोर देते हुए ई-टेंडरिंग के माध्यम से पारदर्शी तरीके से कार्य कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही चेतावनी दी गई है कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की अनियमितता या वित्तीय गड़बड़ी मिलने पर संबंधित अधिकारियों एवं ठेकेदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
आवास विकास परिषद जेई सचिन ने बताया कि पूर्ण कुटी आश्रम के विकास के लिए प्रथम किस्त के रूप में 61 लाख रुपये की धनराशि जारी कर दी गई है तथा शासन के निर्देशानुसार निविदा प्रक्रिया शुरू की जा रही है।



