सैदपुर की बेटी  ऋषिता राय बनीं यूपी पुलिस में सब-इंस्पेक्टर, आउट ऑफ टर्न प्रमोशन से मिली बड़ी कामयाबी

सैदपुर की बेटी  ऋषिता राय बनीं यूपी पुलिस में सब-इंस्पेक्टर, आउट ऑफ टर्न प्रमोशन से मिली बड़ी कामयाबी

सैदपुर। उत्तर प्रदेश पुलिस में कांस्टेबल के पद पर तैनात अंतरराष्ट्रीय ताइक्वांडो खिलाड़ी ऋषिता राय को उनकी उत्कृष्ट खेल उपलब्धियों के आधार पर आउट ऑफ टर्न प्रमोशन (Out of Turn Promotion) देते हुए उपनिरीक्षक (सब-इंस्पेक्टर) बना दिया गया है। मंगलवार को लखनऊ में आयोजित एक विशेष समारोह के दौरान लखनऊ रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (IG) डॉ. जोगिन्दर सिंह ने ऋषिता राय के कंधे पर डबल स्टार लगाकर उन्हें आधिकारिक रूप से यह नई जिम्मेदारी सौंपी और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।  किसान परिवार से अंतरराष्ट्रीय मंच तक का सफर गाजीपुर जिले के पिपनार गांव की रहने वाली ऋषिता राय एक साधारण किसान परिवार से आती हैं। उन्होंने विपरीत परिस्थितियों से निकलकर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। ऋषिता राय की इस बड़ी सफलता से पूरे गाजीपुर जिले और उनके गांव में खुशी की लहर है। क्षेत्र के लोग उन्हें बेटियों के लिए एक बड़ा प्रेरणास्रोत मान रहे हैं।  खेल यात्रा और प्रमुख उपलब्धियां  ऋषिता राय की खेल यात्रा वर्ष 2017 में गाजीपुर स्थित गौतम स्पोर्ट्स एकेडमी से शुरू हुई थी। यहाँ के हेड कोच अमित कुमार सिंह के मार्गदर्शन में उन्होंने ताइक्वांडो की बारीकियां सीखीं। इसके बाद उन्होंने लगातार राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन किया।

उनकी प्रमुख उपलब्धियों में शामिल हैं:मुख्यमंत्री द्वारा सम्मान: वर्ष 2023 में खेल कोटे से उत्तर प्रदेश पुलिस में कांस्टेबल के रूप में नियुक्त होने के बाद भी उन्होंने खेलना जारी रखा।  उत्तराखंड में आयोजित 38वें राष्ट्रीय खेलों की ताइक्वांडो प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश के लिए स्वर्ण पदक (Gold Medal)  जीतने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें सात लाख रुपये की पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया था। इसी उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर विभाग ने उनके आउट ऑफ टर्न पदोन्नति की प्रक्रिया शुरू की थी। 

वैश्विक मंच पर प्रतिनिधित्व: ऋषिता राय ने बुल्गारिया में आयोजित जूनियर विश्व ताइक्वांडो चैंपियनशिप, एशियन चैंपियनशिप और फुजैराह ओपन अंतरराष्ट्रीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता सहित कई प्रतिष्ठित वैश्विक प्रतियोगिताओं में भारत का प्रतिनिधित्व किया है और कई राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय पदक जीते हैं।  कोच ने जताया गर्वगौतम स्पोर्ट्स एकेडमी के प्रबंध निदेशक और ऋषिता राय के कोच अमित कुमार सिंह ने इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि ऋषिता राय ने यह साबित कर दिया है कि प्रतिभा, अनुशासन और कठिन परिश्रम के बल पर एक साधारण परिवार का खिलाड़ी भी देश की प्रतिष्ठित सेवाओं में उच्च पद प्राप्त कर सकता है। वह हमारे राज्य के खिलाड़ियों और बेटियों के लिए एक बड़ी प्रेरणा बन चुकी हैं।  ऋषिता  की इस ऐतिहासिक सफलता पर उनके पिता अमरचंद्र राय, माता रीना राय, बड़े भाई और अंतरराष्ट्रीय ताइक्वांडो खिलाड़ी ऋषि राय, गौतम स्पोर्ट्स एकेडमी परिवार सहित खेल प्रेमियों और शुभचिंतकों ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।