सैदपुर में अग्नि सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर प्रशासन सख्त, तीन कोचिंग और लाइब्रेरी सील

सैदपुर में अग्नि सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर प्रशासन सख्त, तीन कोचिंग और लाइब्रेरी सील

सैदपुर : लखनऊ के रौदपुर में हुए भीषण अग्निकांड के बाद स्थानीय प्रशासन पूरी तरह अलर्ट पर है। जिलाधिकारी के निर्देश पर उपजिलाधिकारी ज्योति चौरसिया और क्षेत्राधिकारी रामकृष्ण तिवारी के नेतृत्व में अग्निशमन विभाग ने सैदपुर नगर के कोचिंग सेंटरों और लाइब्रेरियों के खिलाफ एक विशेष जांच अभियान चलाया।अग्निशमन सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने और आपातकालीन निकास की समुचित व्यवस्था न होने के कारण प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन संस्थानों को सील कर दिया है।

इन संस्थानों पर हुई कार्रवाई:प्रभा लाइब्रेरी (भितरी मोड़)अशोक लाइब्रेरी एंड कोचिंग सेंटर (भितरी मोड़)सत्यार्थ लाइब्रेरी एंड क्लासेस (रावल मोड़)  प्रशासनिक अधिकारियों के मुताबिक, इन संस्थानों को दो दिन पहले ही अग्नि सुरक्षा से जुड़ी कमियों को दूर करने के लिए नोटिस जारी किया गया था। निर्धारित समय सीमा बीतने के बाद भी संचालकों ने कोई आवश्यक व्यवस्था नहीं की और न ही शासन की गाइडलाइंस का पालन किया। इसके चलते प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए इन तीनों संस्थानों को बंद करा दिया। एक संस्थान बेसमेंट में भी संचालित पाया गया, जहां निकास का कोई रास्ता नहीं था।  इस अभियान के दौरान प्रभारी निरीक्षक अनिल सिंह, चौकी प्रभारी मनोज पांडेय और भारी पुलिस बल मौजूद रहा। 

"बच्चों की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। प्रत्येक कोचिंग सेंटर और लाइब्रेरी में कम से कम दो सुरक्षित प्रवेश व निकास द्वार, पर्याप्त अग्निशमन यंत्र, पानी और बालू जैसी आपातकालीन व्यवस्थाएं अनिवार्य रूप से होनी चाहिए। मानकों की अनदेखी करने वाले संस्थानों के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान चलाकर कठोर कार्रवाई की जाएगी।"— रामकृष्ण तिवारी, क्षेत्राधिकारी

इस ताबड़तोड़ कार्रवाई के बाद से नगर के अन्य कोचिंग और लाइब्रेरी संचालकों में हड़कंप मचा हुआ है।