दरवेपुर में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच स्थापित हुई डीह बाबा की मूर्ति, श्रद्धालुओं ने की सुख-समृद्धि की कामना
रानू पाण्डेय की रिपोर्ट
खानपुर। क्षेत्र के दरवेपुर गांव में बुधवार को ग्राम देवता डीह बाबा की मूर्ति की स्थापना धार्मिक आस्था और उत्साह के बीच वैदिक रीति-रिवाज से संपन्न हुई। सुबह से ही पूजा स्थल पर श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। वैदिक मंत्रोच्चार, हवन-पूजन और धार्मिक अनुष्ठानों के बीच डीह बाबा की मूर्ति स्थापित की गई। श्रद्धालुओं ने गांव की सुख-समृद्धि, शांति, अच्छी फसल और सभी ग्रामीणों के मंगलमय जीवन की कामना करते हुए पूजा-अर्चना की।
पूजन एवं प्राण-प्रतिष्ठा का अनुष्ठान पंडित रामअवध पाण्डेय तथा शिवम पाण्डेय ने विधि-विधान से संपन्न कराया। पूरे अनुष्ठान के दौरान श्रद्धालुओं ने पूरे श्रद्धाभाव से धार्मिक कार्यक्रम में सहभागिता की। मूर्ति स्थापना के बाद श्रद्धालुओं ने डीह बाबा का दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद लिया और गांव की उन्नति व आपसी भाईचारे की प्रार्थना की।इस अवसर पर मुन्ना राजभर, उदय प्रताप मौर्या सूबेदार राम, श्याम कुँवर मौर्य, पिंटू मौर्य, मीला देवी, अमला देवी, संगीता देवी, शारदा देवी, मारकंडेय राजभर, हरी राजभर सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। कार्यक्रम के समापन पर सभी श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। पूरे आयोजन के दौरान गांव में भक्तिमय वातावरण बना रहा और ग्रामीणों ने इसे गांव की धार्मिक परंपरा को सशक्त बनाने वाला आयोजन बताया।



